ताजमहल की वजह से आगरा भले ही भारत ही नहीं दुनिया भर में प्रसिद्ध हो लेकिन यहां के निवासी कई तरह की समस्याओं का सामना कर रहे हैं। यहां के लोकल लोगों को एक साथ एक नहीं कई मोर्चों पर जूझना होता है। कई सारी समस्याओं के बीच सबसे बड़ी समस्या है पानी की। आगरा के कई ऐसे इलाके हैं जहां पानी की समस्या लोगों को रुलाती रही है। गर्मी के समय में तो यह समस्या और भी विकराल रुप धर लेती है।
उत्तर प्रदेश सरकार का ध्यान भी शायद उस ओर नहीं गया। लोगों का कहना है कि उन्होंने हर संभव कोशिश की लेकिन सरकार की तरफ से कोई मदद नहीं मिली। ऐसे में जनता के लिए मसीहा बने आगरा पूर्व से विधायक जगन प्रसाद गर्ग। विधायक बनने के बाद उन्होंने पानी की समस्या को दूर करने को अपनी प्राथमिकता बनाया। पानी की समस्या से जूझ रहे आगरा के लोगों को जगन प्रसाद गर्ग ने बड़ी राहत दी।
अगर किसी खास इलाके की बात करें तो बेनारा फैक्ट्री बोदला के पीछे लगभग 25 हजार गरीब जनता रहती है। पानी की समस्या से जूझ रहे इस इलाके के लोगों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए विधायक जगन प्रसाद गर्ग ने अपने निजी खर्च पर जनता के लिए पानी की पाइप लाइन डलवाई। इससे इस इलाके में पानी की समस्या बहुत हद तक दूर हुई।
मार्च में मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों को 100-100 हैंडपंप और रिबोर देने की घोषणा की थी लेकिन आगरा की समस्या का निस्तारण नही हुआ। जगन प्रसाद गर्ग ने सरकार से मांग की, कि आगरा की पेयजलापूर्ती के स्थाई समाधान के लिए बेराज व गंगा परियोजना शीघ्र से शीघ्र आगरा में मिलनी चाहिए।
जहां हम एक तरफ आगरा को स्मार्ट शहर बनाने की बात कर रहे हैं वहीं दूसरी तरफ पानी जैसी बड़ी समस्या पर काबू पाने में अक्षम दिख रहे हैं। ऐसे में स्मार्ट शहर का सपना खोखला ही लगता है।
जगन प्रसाद गर्ग ने अपने स्तर का कार्य आगरा के लोगों के लिए कर दिया है और जनता उनके इन प्रशंसनीय कार्यों के लिए उनकी आभारी भी है। जगन प्रसाद गर्ग ने हाल ही में हुए विधानसभा सत्र में आगरा से सबसे ज्यादा प्रश्न उठाये।