बीते विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी ने खेरागढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार के लिए रोड शो कर वोट मांगे थे। इसमें जबरदस्त भीड़ उमड़ी थी। इसका असर ये रहा कि पहली बार चुनावी मैदान में उतरे रामनाथ दूसरे स्थान पर रहे।
प्रियंका पहली पसंद
प्रचार के लिए प्रियंका गांधी पहली पसंद बनी हुई हैं। हाईकमान से उनकी रैली-रोड शो कराने के लिए मांग भेजी है। -देवेंद्र सिंह चिल्लू, शहर अध्यक्ष कांग्रेस
प्रियंका, सीकरी में करेंगी प्रचार
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि पार्टी के बड़े नेता प्रचार करेंगे। आगरा क्षेत्र में प्रियंका गांधी की लोकप्रियता को देखते हुए इनकी रैली-रोड शो के लिए कार्यकर्ता मांग कर रहे हैं। फतेहपुर सीकरी में वह प्रत्याशी के लिए वोट मांगेंगी। गठबंधन की आगरा में भी महारैली होगी।
गठबंधन की महारैली, बड़े नेता होंगे शामिल
कांग्रेस-सपा से गठबंधन में आगरा की सीट सपा के खाते में आई है। अभी इनका प्रत्याशी घोषित नहीं हुआ है। ऐसे में दोनों सीटों को साधने के लिए गठबंधन की महारैली होगी। इसमें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत अन्य दलों के बड़े नेता शामिल होंगे।
दो चुनावों में दूसरे स्थान पर रही कांग्रेस
फतेहपुर सीकरी सीट के लिए वर्ष 2009 में पहली बार लोकसभा चुनाव हुआ। इस लोकसभा क्षेत्र में आगरा ग्रामीण, फतेहपुर सीकरी, खेरागढ़, फतेहाबाद और बाह विधानसभा क्षेत्र आते हैं। कांग्रेस यहां से खाता खोलने में सफल भले ही नहीं हुई हो, लेकिन 2009 और 2019 के चुनावों में पार्टी दूसरे स्थान पर रही। 2014 में रालोद के अमर सिंह चौथे नंबर पर रहे।