कासगंज जिला जेल में शनिवार की रात हत्या आरोपी की मौत हो गई। उसका शव फांसी के फंदे से लटका मिला। जेल प्रशासन मामले को आत्महत्या का बता रहा है, वहीं मृतक के परिजनों ने जेल प्रशासन पर विरोधियों की मिलीभगत से हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता ने जेल प्रशासन के खिलाफ तहरीर दी है।
सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव कम्पुर निवासी विनोद (25) पुत्र हुलासीराम बच्चे की हत्या के मामले में दो माह से जेल में निरुद्ध था। शनिवार शाम को बंदियों की गिनती में संख्या कम होने पर जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। इस पर बंदी की तलाश की गई तो विनोद का शव पहली मंजिल पर सुनसान पड़ी बैरक में गमछे के फंदे लटका मिला।
बंदी की मौत की जानकारी से जेल में सनसनी फैल गई। सूचना पर एसपी अशोक कुमार शुक्ल, एडीएम योगेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी पर रविवार सुबह परिजन भी पहुंच गए। परिजनों ने जेल प्रशासन पर हत्या का आरोप लगाया।