ब्रज में होली की धूम है। मंदिरों में रसिया और होली गीतों के साथ रंगों की वर्षा हो रही है। रंगोत्सव में देश-विदेश के हजारों श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। रविवार को महावन में रमणरेती धाम स्थित कार्ष्णि गुरु शरणानंद महाराज के आश्रम में दिव्य और भव्य होली महोत्सव का आयोजन किया गया।
विज्ञापन
ठाकुर रमण बिहारी के आंगन में जमकर होली के रंग बरसे। भाव-भक्ति के रसिया और होली के गीतों के बीच अबीर गुलाल उड़ा और देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं पर टेसू के रंग भी बरसाए गए। होली महोत्सव में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी रंगों से सरोबार हो गए।
इस दिव्य और भव्य होली का आनंद लेने के लिए देश-विदेश से हजारों की संख्या में आए श्रद्धालु शनिवार शाम को ही आए गए थे। रविवार सुबह पहले फूल की होली खेली गई। फिर गुलाल और इसके बाद केसरचंदन की होली का आयोजन किया गया।
विज्ञापन
रमणरेती आश्रम में खेली गई फूलों की होली
- फोटो : अमर उजाला
होली महोत्सव में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, अयोध्या राम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास महाराज, जगद्गुरु रामानंदाचार्य विद्या भास्कर महाराज समेत कई साधु-संत मौजूद रहे। मंदिर परिसर में जमकर प्रेम रंग बरसा।
ब्रज में एक महीने तक होने वाली होली देश और दुनिया के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यही कारण है कि ब्रज की होली का आनंद लेने के लिए देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी लाखों श्रद्धालु होली से कई दिन पूर्व मथुरा आ गए हैं।
श्रद्धालु ब्रज के मंदिरों में ठाकुरजी के श्री विग्रहों के साथ होली खेलने से लेकर बरसाना, नंदगांव की लठामार होली, दाऊजी का हुरंगा आदि विभिन्न आयोजनों में पूरी आस्था के साथ शामिल होंगे और त्योहार का आनंद उठाएंगे।
ब्रज के मंदिरों को सजाया जाएगा
होली के रंगों में सराबोर लोग
होली को दर्शनीय बनाने के लिए मथुरा को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया जा रहा है। ब्रज के प्रमुख मंदिरों से लेकर छोटे छोटे मंदिरों में भी होली की धूम रहेगी। मंदिरों में ठाकुरजी को ढप की थाप के साथ ही होली के गीत, रसिया सुनाए जा रहे हैं।
मथुरा के साथ ही वृंदावन, बरसाना, गोकुल, नंदगांव, बलदेव आदि मंदिरों में होली को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। हर बार की तरह इस बार भी बड़ी तादाद में देशी विदेशी भक्त कान्हा के रंग में रंगकर होली का त्योहार मनाने के लिए ब्रज की धरा पर पहुंचेंगे।
- 14 मार्च को नंदगांव फाग आमंत्रण महोत्सव।
- 14 मार्च को बरसाना में लड्डू होली।
- 15 मार्च को बरसाना की लठामार होली।
- 16 मार्च को नंदगांव की लठामार होली।
- 17 मार्च को श्रीकृष्ण जन्मस्थान लठामार होली।
- 17 मार्च को बांकेबिहारी होली (रंगभरनी एकादशी)।
- 18 मार्च को गोकुल की छड़ीमार होली।
- 20 मार्च को होलिका दहन, फालैन-जटवारी का पंडा।
- 20 मार्च को चतुर्वेदी समाज का डोला।
- 21 मार्च को धूल होली।
- 22 मार्च को मुखराई का चरकुला नृत्य।
- 22 मार्च कोबलदेव में दाऊजी का हुरंगा।
- 22 मार्च को जाब-नंदगांव का हुरंगा।
- 23 मार्च को बठैन-गिडोह का हुरंगा।