आगरा। सावन में शिव मंदिरों पर मेले व सामूहिक गतिविधियां नहीं होगी। दूसरे सोमवार को चारों शिव मंदिरों की परिक्रमा भी प्रतिबंधित रहेगी। सोमवार को शिवालयों में एक बार में अधिकतम 50 श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। एडीएम सिटी का कहना है कि धर्मस्थलों पर कोविड गाइड लाइन का पालन नहीं होने पर प्रबंधन जिम्मेदार होगा।
संक्रमण अभी खत्म नहीं हुआ है। सरकार ने कांवड़ यात्रा निरस्त कर दी है। सावन के सोमवार को शिव मंदिरों पर उमड़ने वाली भीड़ को लेकर मंदिर प्रबंधन ने स्वेच्छा से श्रद्धालुओं के लिए पट बंद रखने का निर्णय लिया है। एडीएम सिटी डॉ. प्रभाकांत अवस्थी का कहना है कि हमारी तरफ से किसी को पट बंद रखने को नहीं कहा गया।
अगर कोई कोविड सुरक्षा की दृष्टिगत पट बंद रखना चाहता है तो वह स्वतंत्र है। उन्होंने कहा कि शिव मंदिरों के आसपास मेलों व सामूहिक गतिविधियों का आयोजन नहीं होगा। भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस तैनात रहेगी। कोविड व्यवहार का पालन करते हुए उचित दूरी व मास्क के साथ एक बार में 50 श्रद्धालुओं को मंदिर में दर्शन के लिए प्रवेश की अनुमति दी गई है। इससे अधिक संख्या होने पर धर्मस्थल प्रबंधन जिम्मेदार होगा। उनके विरुद्ध महामारी एक्ट में कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उधर, रविवार को सिकंदरा से कैलाश मंदिर तक कई जगह खान-पान, खिलौने व अन्य दुकानें सज गई है। मेले जैसा माहौल बन रहा है।