फिरोजाबाद: मंदिर परिसर में जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद के प्राचीन गोपाल आश्रम मंदिर के 15 दानपात्रों के ताले तोड़कर चोर चढ़ौती की धनराशि एवं 15 हजार नकदी चोरी कर ली। आश्रम परिसर में एक कमरे में रहने वाले भगत का शव कमरे में पड़ा मिला। पुलिस भगत की मौत संदिग्ध मान रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पैनल के माध्यम से पोस्टमार्टम कराया। भगत के परिजनों को सूचना दे दी है।
थाना उत्तर के बाईपास रोड स्थित प्राचीन गोपाल आश्रम मंदिर प्रांगण में चोरों ने 15 दानपात्रों के ताले तोड़कर उसमें रखी नकदी तथा पुजारी के 15 हजार रुपये चोरी कर लिए। जबकि मंदिर परिसर स्थित कमरे में रहने वाले जिला हमीरपुर थाना बंगरा जलालपुर निवासी दीन दयाल यादव उर्फ भगतजी (75) का शव उनके कमरे में मिला।
वारदात की जानकारी शुक्रवार को सुबह उस समय हुई जब मंदिर के पुजारी दुर्गानगर निवासी पंडित सीताराम शर्मा अपने बेटे राघव शर्मा के साथ तड़के पांच बजे मंदिर खोलने के लिए पहुंचे। मंदिर का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया तो अंदर दानपात्रों के ताले खुले होने के साथ सामान बिखरा था। पुजारी ने चोरी की घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी।