अपनी समस्याओं के बारे में महिलाओं ने बताया कि अधिकारियों के यहां दौरे तो होते रहे हैं लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। टॉयलेट में पानी भर जाता है। कई बार कहने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। न पेंशन आ रही है और न आधार कार्ड बना। सिर्फ पॉकेट मनी के पांच सौ रुपये मिल रहे हैं। आशा है कि राष्ट्रपति के आगमन से समस्याओं का समाधान हो जाए।
ब्रजगंधा प्रोजेक्ट का अवलोकन करेंगे राष्ट्रपति
वृंदावन में रहने वाली विधवा महिलाएं परंपराओं की बेड़िया तोड़ पैरों पर खड़ा होने का साहस कर चुकी हैं। सरकार से मिले संबल के बाद इन महिलाओं के हाथों से बनी पूजा सामग्री देश भर में अपनी सुगंध बिखेर रही है। ब्रजगंधा प्रोजेक्ट के अंतर्गत आश्रय सदन की माताएं अचार, कंठीमाला, पोशाक और अगरबत्ती निर्माण के साथ पैकिंग का कार्य कर रहीं हैं। इन माताओं के हुनर का भी राष्ट्रपति अवलोकन करेंगे।
100 साल से अधिक की दो महिलाएं
वृंदावन में आ बसीं विधवा और बेसहारा महिलाओं में दो ऐसी माताएं हैं, जिनकी उम्र 100 साल से अधिक है। इनमें बिहार की विमला देवी और मध्य प्रदेश की भगवती हैं। ये महिलाएं आज भी किसी पर बोझ नहीं हैं। अपना सारा काम स्वयं करतीं हैं। कृष्णा कुटीर की अधीक्षिका शिल्पा ने बताया कि दो माताएं हमारे यहां ऐसी हैं, जिन्होंने सौ वर्ष की आयु पार कर ली है।
सजाया संवारा जा रहा कृष्णा कुटीर
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर कृष्णा कुटीर को सजाया संवारा जा रहा है। रंगाई पुताई की जा रही है। बीते चार वर्ष से कृष्णा कुटीर की इमारत पर रंगाई नहीं हुई लेकिन राष्ट्रपति के आगमन को लेकर यहां तैयारियां जोरों पर हैं। बाहर गेट से लेकर छत और फर्श को निखारा जा रहा है। टूटे शीशे बदले जा रहे हैं, फर्श के टूटे पत्थरों को बदला गया है और रेलिंग को दुरुस्त किया जा रहा है। सीढ़ियों पर जमा गंदगी को हटाया जा रहा है। पेड़ों की छटाई से लेकर घास लगाने का काम जोरों पर है।
कृष्णा कुटीर के सामने बनाए जा रहे तीन हेलीपैड
27 जून को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की सुरक्षा के दृष्टिगत कृष्णा कुटीर के ठीक सामने हेलीकॉप्टर के लिए तीन हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। हेलीपैड पर उतरने के बाद राष्ट्रपति सीधे कृष्णा कुटीर में प्रवेश करेंगे और माताओं से मिलेंगे। इसके अलावा कुछ दूरी पर मुख्यमंत्री और राज्यपाल के लिए हेलीपैड बनाए जाने का कार्य चल रहा है। प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों पर पूरी नजर बनाए हैं।
कैसे हटेगा मधुमक्खी का छत्ता
राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तो हैं लेकिन कृष्णा कुटीर की तीसरी मंजिल पर मधुमक्खी का छत्ता बना हुआ है। वहीं आश्रय सदन में बेसहारा जानवर भी घूमते रहते हैं। उधर, जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने बताया कि आगामी वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर वृंदावन में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों द्वारा तैयारियां की जा रहीं हैं। कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।