आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 86वां दीक्षांत समारोह दिसंबर के पहले हफ्ते में कराने की तैयारी है। इस दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक सत्र 2019-20 के छात्रों को ही पदक और उपाधियां प्रदान की जाएंगी। शैक्षणिक सत्र 2020-21 के छात्रों के लिए बाद में दीक्षांत समारोह आयोजित करने की योजना है।
विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने बताया कि दीक्षांत समारोह दिसंबर के पहले हफ्ते में कराने के हिसाब से ही तैयारियां की जा रही हैं। राज्यपाल/कुलाधिपति की सहमति मिलने के बाद तारीख घोषित कर दी जाएगी। इस दीक्षांत समारोह में सत्र 2019-20 के छात्रों को ही पदक और उपाधि दिए जाने पर विचार किया जा रहा है। कोरोना महामारी व अन्य कारणों से दीक्षांत समारोह आयोजित न होने की वजह से इनको पदक और उपाधि नहीं मिल पाई है।
प्रो. आलोक कुमार राय का कहना है कि शैक्षणिक सत्र 2020-21 के छात्रों के लिए जनवरी या फरवरी, 2022 में दीक्षांत समारोह कराया जा सकता है। इस सत्र का पूरा परिणाम भी अभी जारी नहीं हो पाया है। पूरा परिणाम आए बिना दीक्षांत समारोह कराना ठीक नहीं होगा। इस संबंध में विचार-विमर्श के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
शैक्षणिक सत्र 2019-20 के छात्रों का दीक्षांत समारोह पांच अप्रैल, 2021 को होना था। तारीख घोषित हो गई थी। मार्च के अंतिम सप्ताह में कुलपति प्रो. अशोक मित्तल के कोरोना संक्रमित होेने की वजह से दीक्षांत समारोह स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद दूसरी तारीख कोरोना महामारी की वजह से घोषित नहीं हो पाई।
विश्वविद्यालय के 86वें दीक्षांत समारोह के लिए पदकों की घोषणा मार्च में ही कर दी गई थी। उसके हिसाब से एसएन मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस फाइनल प्रोफेशनल की छात्रा शिवानी सिंह को सर्वाधिक 13 पदक मिलने हैं। इसमें 12 स्वर्ण पदक और एक रजत पदक शामिल है। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर सूची अपलोड भी कर दी गई थी। समारोह में कुल 104 पदक दिए जाने थे। इसमें से 73 पदक छात्राओं को और 31 पदक छात्रों को मिलने थे। अब दीक्षांत समारोह कराए जाने पर पदकों की संख्या और बढ़ सकती है। कुछ परिणाम जो उस समय जारी नहीं हुए थे, उनके परिणाम आ चुके हैं।