आगरा। नववर्ष के स्वागत की तैयारियों में लोग पर्यटन स्थलों की ओर घूमने जाते हैं। वहीं कुछ लोग लंबी छुट्टियां मनाने के लिए ट्रेन से गोवा, खजुराहो या केरल जाते हैं। घूमने के शौकीन लोगों ने यात्रा के लिए ट्रेनों में टिकट की बुकिंग पहले ही करा ली है, जिससे कई ट्रेनों की सीट फुल हो गईं हैं।
हालांकि नववर्ष आने में अभी एक महीने से अधिक का समय है, लेकिन ट्रेनों में अभी से सीटों की बुकिंग फुल होने लगी है। वेबसाइट पर वेटिंग लिस्ट तेजी से बढ़ रही है, जबकि तत्काल टिकट की खिड़की खुलते ही कुछ ही मिनटों में पूरा कोटा बुक हो रहा है। इसमें कई ट्रेनें ऐसी भी हैं, जिनमें वेटिंग लिस्ट की जगह नहीं है। रेलवे की आगरा मंडल की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रेनों की कमी को देखते हुए संख्या बढ़ाई जा सकती है। इसके अलावा जनवरी से नई ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।
अभिषेक जादौन ने बताया कि इस नववर्ष पर दक्षिण के मन्दिरों में घूमने का प्लान कर रहे थे, लेकिन वहां तक जाने वाली ट्रेनों की सीट फुल चल रही हैं। वेटिंग भी नहीं मिल रही है।
पोयम ने बताया कि प्रत्येक वर्ष कहीं न कहीं घूमने के लिए जाती हैं। ट्रेन में एक महीना पहले ही रिजर्वेशन कराते हैं, लेकिन इस बार डेढ़ महीने पहले से ही बुकिंग फुल चल रही हैं।
ये ट्रेनें हैं फुल
मंगला लक्ष्यद्वीप सुपरफास्ट एक्सप्रेस
छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस राजधानी एक्सप्रेस
चेन्नई राजधानी एक्सप्रेस
तेजस राजधानी
इनमें है वेटिंग
केरला एक्सप्रेस
खजुराहो उदयपुर सिटी एक्सप्रेस
वंदे भारत एक्सप्रेस
वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस
ट्रैवल एजेंसियों मेें बुकिंग हुई तेज
शाहगंज स्थित ट्रैवल एजेंसी और होटल बुकिंग वेबसाइटों पर भी नए साल के पैकेजों की मांग बढ़ गई है। लोग परिवार संग नए स्थानों पर जश्न मनाने की तैयारियों में जुटे हैं। नववर्ष मनाने की इस उमंग ने यात्रा मार्गों पर रौनक तो बढ़ाई है, लेकिन सीटों की कमी यात्रियों के लिए परेशानी भी बन रही है।