फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: राधास्वामी सत्संग सभा पर जुर्माना लगाने की तैयारी, नोटिस के पांच दिन बाद भी नहीं हटाए गेट और दीवार

Tue, 19 Sep 2023 12:09 PM IST
धीरेन्द्र सिंह अमर उजाला, आगरा

सार

राधास्वामी सत्संग सभा ने नोटिस के पांच दिन बाद भी गेट और दीवार नहीं हटाए, जिसके बाद सत्संग सभा पर जुर्माना लगाने की तैयारी चल रही है। 
 
विज्ञापन
दयालबाग के पोइया घाट पर सत्संगियों द्वारा डूब क्षेत्र में फेंसिंग लगाकर कब्जा किया गया। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा के दयालबाग क्षेत्र में सार्वजनिक संपत्तियों पर कब्जे के मामले में राधास्वामी सत्संग सभा की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। सभा अध्यक्ष गुरु प्रसाद सूद, उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव व अनूप श्रीवास्तव के विरुद्ध एफआईआर दर्ज होने, भूमाफिया के रूप में चिह्नित होने के बाद अब प्रशासन भारी-भरकम जुर्माना लगाने की तैयारी कर रहा है।
विज्ञापन


मौजा जगनपुर के विभिन्न गाटा संख्याओं में आम रास्ते, नहर, टेनरी, खाद के गड्ढे, खेल का मैदान सहित करीब 10 हेक्टेयर भूमि पर राधास्वामी सत्संग सभा ने दीवार व गेट लगाकर कब्जा कर लिया है। कब्जे की भूमि की सरकारी कीमत करीब 100 करोड़ रुपये है।

सर्वे के बाद राजस्व टीम ने 12 सितंबर को थाना न्यू आगरा में राधास्वामी सत्संग सभा अध्यक्ष गुरु प्रसाद सूद, प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव व अनूप श्रीवास्तव के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। 14 सितंबर को सरकारी भूमि पर कब्जा हटाने के लिए नोटिस थमाते हुए 7 दिन का अल्टीमेटम दिया था। पांच दिन बाद भी सत्संगियों ने गेट, दीवार व लोहे के तारों से की गई बैरिकेडिंग नहीं हटाई है।
विज्ञापन


21 सितंबर को अल्टीमेटम की मियाद खत्म हो जाएगी। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि मियाद खत्म होते ही बड़ी कार्रवाई होगी। जुर्माना लगाया जाएगा। क्षति का आकलन किया जा रहा है। साथ टाउन एरिया के अधिशासी अधिकारी से भी रिपोर्ट तलब की गई है। पीपी एक्ट में कार्रवाई, अर्थदंड को लेकर विधिक राय भी प्रशासन ले रहा है।

जगनपुर मौजा के अलावा अन्य ग्राम पंचायतों में हुए सार्वजनिक संपत्तियों पर कब्जों की जांच के लिए भी प्रशासन ने सर्वे कराया है। प्रशासन एक और नोटिस जारी कर सकता है। साथ ही, पिछले 30 साल में दयालबाग क्षेत्र में जमीनों की खरीद-फरोख्त का रिकाॅर्ड भी खंगाला जा रहा है।

चल रही है कार्रवाई
 जिलाधिकारी  भानु चंद्र गोस्वामी ने बताया कि सार्वजनिक संपत्तियों पर कब्जा, डूब क्षेत्र व अन्य मामलों में राधास्वामी सत्संग सभा पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई चल रही है। जल्द कार्रवाई से अवगत कराया जाएगा। 

सत्संग सभा पर प्रतिबंध लगाने की मांग
राधास्वामी सत्संग सभा के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को किसान नेता चौधरी दिलीप सिंह के नेतृत्व में पूर्व प्रधान व ग्रामीणों ने मंडलायुक्त कार्यालय में प्रदर्शन किया। मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी की अनुपस्थिति में अपर आयुक्त मंजू लता को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। राधास्वामी सत्संग सभा व उसके अन्य संगठनों पर प्रतिबंध लगाने की मांग रखी। प्रदर्शन में नेत्रपाल सिंह, देवरी गांव प्रधान बाबूलाल, पूर्व प्रधान दाताराम लोधी, बाबूलाल वाल्मीकि, बलवीर, अभय चौधरी, अर्जुन सिंह, रतन सिंह, चौ. जगवीर सिंह आदि मौजूद रहे।

निषाद समाज ने पंचायत में भरी हुंकार
खासपुर गांव में सोमवार को निषाद समाज की पंचायत हुई। राधास्वामी सत्संग सभा के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पास किया। ग्रामीणों ने कहा, गांव के रास्तों से गेट व तारबंदी नहीं हटाई तो आंदोलन करेंगे। निषाद जागृति सेवा समिति अध्यक्ष शांति प्रसाद, प्रमोद निषाद, सवाई सिंह, भगवान सिंह, दुर्ग सिंह, वीरेंद्र, लोकेंद्र, हरिओम, सहदेव, सुनील कुमार व सुंदर सिंह ने राधास्वामी सत्संग सभा पर ग्रामीणों पर अत्याचार करने के आरोप लगाए हैं। जल्द 10 गांव की एक महापंचायत बुलाई जाएगी। जिसमें आंदोलन की रणनीति तय होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें