मैनपुरी। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने राष्ट्र्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में समीक्षा की। कहा कि प्रसूताओं को जननी सुरक्षा योजना का लाभ तत्काल मिले। चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं। सभी एंबुलेंस क्रियाशील रहें। एंबुलेंस में जीवन रक्षक दवाएं, उपकरण उपलब्ध होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि चिन्हित क्षय, कुष्ठ रोगियों की बेहतर देखभाल करें। प्रतिमाह निर्धारित धनराशि का भुगतान हो। संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटर से निर्धारित नियमों, शर्तों का पालन कराएं। अल्ट्रासाउंड सेंटर का नियमित औचक निरीक्षण हो। आशा, एएनएम, संगिनी के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित करें। एंबुलेंस 108, 102 का रेस्पोंस टाइम सुधारा जाए।
मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना में गोल्डन कार्ड बनाने की खराब प्रगति पर प्रभारी चिकित्साधिकारी करहल, सुल्तानगंज, बरनाहल, डीसीपीएम करहल को गोल्डन कार्ड बनाने की प्रगति सुधारने को कहा। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरसी गुप्ता, परियोजना निदेशक सत्येंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, मुख्य चिकित्साधीक्षक मदनलाल, मुख्य चिकित्साधीक्षक महिला शिव कुमार उपाध्याय, एसएमओ वीपी सिंह मौजूद रहे।