एंबुलेंस से जच्चा और बच्चा को अस्पताल ले जाते कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
सरकारी अस्पताल से प्रसव में समय बताकर एक दिन पूर्व लौटाई गई गर्भवती ने शुक्रवार को सड़क पर ही बच्चे को जन्म दे दिया। बाद में जानकारी पर एंबुलेंस जच्चा-बच्चा को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। यहां जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
फिरोजाबाद जनपद के कस्बा मक्खनपुर के गांव नगला बाजदार निवासी महिला किरन देवी दो दिन पूर्व प्रसव का समय पूरा होने पर परिजनों के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धनपुरा गई थी। यहां तैनात एएनएम ने उसे संयुक्त चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया।
गुरुवार को भांजा योगेश मामी किरन को लेकर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचा। यहां तैनात स्टाफ ने उसे प्रसव में एक माह का समय बताकर अल्ट्रासाउंड कराकर लाने को कहा। इस पर योगेश शुक्रवार को किरन देवी का अल्ट्रासाउंड कराने कटरा बाजार स्थित निजी क्लीनिक सेंटर पर बाइक से ले गया। महिला की सास भी उनके साथ थी।
अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद होने के कारण तीनों सेंटर के खुलने का इंतजार करने लगे। तभी किरन को दर्द बढ़ गए और उसे सड़क पर ही प्रसव करने को मजबूर होना पड़ा।
मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक ने महिला पुलिसकर्मियों को बुलाया। इस दौरान आसपास की महिलाएं भी एकत्रित हो गईं और महिला का प्रसव कराया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम ने जच्चा-बच्चा को एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल भेजा। जहां दोनों स्वस्थ हैं।
महिला को अचानक हुई प्रसव पीड़ा : एसडीएम
उपजिलाधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रसूता की सास से पूछताछ में पता चला कि महिला के परिजन उसे लेकर अस्पताल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। इस कारण उन्हें खुले में ही प्रसव कराना पड़ा। जांच में पता चला कि इसमें स्वास्थ्य विभाग की कोई लापरवाही सामने नहीं आई है।
जांच करा कर करेंगे कार्रवाई : स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी
धनपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. अमित यादव ने बताया कि उनकी ड्यूटी कोरोना संक्रमित मरीजों में लगी है। इस मामले की उन्हें जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी। यदि किसी स्टाफ की कमी मिलती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त चिकित्सालय पर गुरुवार को आई महिला पे आठ माह का गर्भ बताया था। इस कारण संयुक्त चिकित्सालय पर मौजूद चिकित्सकों ने गर्भवती महिला से अल्ट्रासाउंड कराने को कहा था। महिला अल्ट्रासाउंड करा कर लाती उससे पहले रास्ते में प्रसव हो गया। संयुक्त चिकित्सालय के स्तर से कोई कमी नहीं है। -श्याम मोहन गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक, संयुक्त चिकित्सालय