कासगंज। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार शाम को हुई बैठक में डीएम सीपी सिंह ने विकासखंड पटियाली की ग्राम पंचायत गढ़ी खड़ई में शौचालय के कार्य में लापरवाही बरतने पर ग्राम प्रधान के वित्तीय अधिकार सीज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही गंगा किनारे के 34 गांव में तीन दिन में डस्टबिन स्थापित कराने के निर्देश दिए।
डीएम गढ़ी खड़ई में सामुदायिक शौचालय निर्माण के बारे में जानकारी ले रहे थे। बताया कि ग्राम प्रधान ने निर्देशों के बावजूद अभी तक सामुदायिक शौचालय का निर्माण शुरू नहीं कराया है। इस पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने प्रधान के वित्तीय अधिकार सीज करने के निर्देश जारी किए। डीएम ने बैठक में कहा कि प्रत्येक ब्लॉक के 10-10 ऐसे गांव चिह्नित किए जाएं जो गंदे हों।
इन गांव के फोटोग्राफ उपलब्ध कराए जाएं। मनरेगा के माध्यम से इन गांव को स्वच्छ बनाकर सुधार किया जाएगा। उन्होंने ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन के मेंटीनेंस पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि गंगा किनारे की समस्त 34 ग्राम पंचायतों में अपशिष्ट प्रबंधन का कार्य प्रभावी करते हुए डस्टबिन लगाए जाएं।
अस्पतालों, सामुदायिक शौचालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर भी डस्टबिन लगाए जाएं। इस दौरान सीडीओ तेज प्रताप मिश्र, सीएमओ डा. प्रतिमा श्रीवास्तव, पंचायत राज अधिकारी शहनाज अंसारी, बीएसए अंजली अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।