फिरोजाबाद। थाना एका क्षेत्र के गांव पुरखेड़ा के समीप पुलिस टीम पर हमला करने का आरोपी प्रदीप यादव उर्फ झब्बू समाजवादी पार्टी की युवजन सभा का जिलाध्यक्ष रह चुका है। जिला पंचायत सदस्य के लिए सपा से टिकट नहीं मिलने पर वह निर्दलीय ही चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है।
थाना एका क्षेत्र के गांव नगला बनिया निवासी प्रदीप यादव उर्फ झब्बू यादव काफी समय से समाजवादी पार्टी से जुड़ा है। वह लंबे से पार्टी की सेवा कर रहा था। उसे उम्मीद थी कि पार्टी पंचायत चुनाव में उस पर जिला पंचायत सदस्य पद के ?िलए दांव खेलेगी।
इसके लिए उसने काफी समय पहले से ही तैयारी शुरू कर दी थी। हालांकि सपा ने सबसे पहले प्रत्याशियों की घोषणा कर उसे दरकिनार कर ?दिया। पार्टी ने प्रदीप के स्थान पर पुराने सपा नेता के पुत्र को दावेदार बनाया तो वह भड़क उठा। उसने बगावत का झंडा बुलंद करते हुए निर्दलीय ही चुनाव मैदान मे उतरने का मन बनाया। उसका अपने क्षेत्र में काफी अच्छा वर्चस्व भी है। यही कारण है?उसके कहने पर समर्थकों ने पुलिस टीम पर भी हमला बोल दिया।
घटना के समय मैं सुराया गांव में था। वहां मौत होने पर मैं परिवार को सांत्वना देने गया था। पुलिस लोकतंत्र की हत्या कर रही है। साजिश के तहत मेरी गाड़ी और सात बाइक तोड़ दी गई। निर्दोष पांच लोगों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। -प्रदीप यादव
गांव पुरखेड़ा के समीप थानाध्यक्ष एका नरेंद्र शर्मा के साथ अभद्रता करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गांव नगला बनिया में दबिश देकर पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। - कमलेश कुमार, सीओ
इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
प्रदीप यादव उर्फ झब्बू उसका भाई डब्बू, समर्थक रिंकू, नवीन कुमार, धर्मेंद्र, मुकेश कुमार, हरर्वेंद्र निवासी नगला बनिया थाना एका, नरेंद्र कुमार निवासी नगला कृपी थाना एका, देवेंद्र कुमार निवासी राजगढ़ थाना एका को नामजद किया गया है। वहीं 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
गांव में दहशत
पुलिस पर हमले के बाद प्रदीप यादव के गांव नगला बनिया में बुधवार को लोग दहशत में नजर आए। लोग घटना को लेकर चर्चा कर रहे थे। हालांकि घटना को लेकर कोई बोलने को तैयार नहीं था। अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने पर प्रदीप यादव के कई समर्थक अपने आप को निर्दोष साबित करने के लिए पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास करने लगे है।