कासगंज। विधानसभा चुनाव में निर्वाचन आयोग द्वारा 80 साल से ऊपर के बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए घर बैठे वोट देने की सुविधा के लिए सर्वे शुरू हो गया है। टीमें घर-घर जाकर ऐसे मतदाताओं का मन टटोल रही है।
जिला में 29233 दिव्यांग एवं 80 साल से ऊपर के बुजुर्ग मतदाता हैं। आयोग के निर्देश पर इन मतदाताओं को पहली बार अपने घर पर बैठे ही पोस्टल बैलेट की सुविधा देने के लिए निर्वाचन विभाग ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। विभाग की टीमें मतदाताओं केेेेे घर पर पहुंच कर उनको पोस्टल बैलेट की सुविधा की जानकारी दे रही है। उन्हें बताया जा रहा है कि यदि वे अपने बूथ पर वोट डालने जाने में असमर्थता महसूस करते है तो उनके लिए 12 डी फार्म भरना होगा। यह फार्म भरने के बाद संबंधित चुनाव में निर्वाचन विभाग की ओर से उनको पोस्टल बैलेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मतदान के बाद इस वैलेट पेपर को डाक के माध्यम से निर्वाचन विभाग के कार्यालय में भेजा जा सकेगा। सर्वे के दौरान जो मतदाता बूथ तक वोट डालने में असमर्थता जताते हैं उनके नाम सूचीबद्ध किए जा रहे हैं।
फैक्ट फाइल
दिव्यांग मतदाता 11233
80 साल से ऊपर के मतदाता 17970
दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं को पोस्टल बैलेट से वोट देने की सुविधा देने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई है। टीमें घर-घर जाकर ऐसे मतदाताओं से संपर्क कर उनको इस सुविधा की जानकारी दे रही है साथ ही उनके नाम भी लिए जा रहे हैं। जो मतदाता पोस्टल बैलेट की सुविधा मांगेंगे उनको यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
- मनोज गुप्ता, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी