शहर के सहावर गेट गली सत्तार बैंड निवासी पूर्व पशुपालन निरीक्षक महेश चंद्र अग्रवाल की पुत्री पूजा अग्रवाल विधि व्यवसाय से जुड़ी पुस्तकें लगातार लिख रही हैं। पिछले एक साल में कानून के विषयों पर पूजा ने 30 से अधिक पुस्तकें लिखी हैं। उन्हें इसके लिए कई पुरस्कार मिल चुके हैं। अभी हाल ही में उनकी तीन पुस्तकों का विमोचन नोएडा के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने किया है।
सुप्रीम कोर्ट में विधि व्यवसाय कर रहीं पूजा अग्रवाल बताती हैं कि उन्होंने बारहवीं तक की शिक्षा शहर के विद्यालय से की। दिल्ली जाकर बायोटेक्नोलॉजी से स्नातक किया। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की यूनिवर्सिटी से डिस्टेंस के माध्यम से पोषण विशेषज्ञ की शिक्षा ली। फिर दिल्ली यूनिवर्सिटी से कानून की शिक्षा ली। वर्ष 2024 से वह विधि व्यवसाय सुप्रीम कोर्ट से कर रही हें। वह कानून के विषयों पर पुस्तकें लिख रही हैं। अभी हाल ही में उनकी लॉ फॉर हर, मेडिकल लॉ एवं माया डाइट सिग्नेचर जैसी पुस्तकों का नोएडा के सांसद ने विमोचन किया।
इसके अलावा वह लॉ फॉर वूमन, लॉ फॉर ले मैन, फैशन लॉ, कांस्टीट़्यूशन लॉ जैसे विषयों सहित अन्य कानून के विषयों पर कुल 30 पुस्तकें लिख चुकी हैं। कई पुस्तकें वह अभी लिख रही हैं। उन्हें पूर्व में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड लंदन से प्रतिष्ठित लेखक सम्मान मिल चुका है। उन्हें यंगेस्ट वर्डस्मिथ, भारत प्रतिभा सम्मान और देश रत्न पुरस्कार भी मिल चुके हैं।
पूजा अग्रवाल ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी युवा विधि छात्रों और अधिवक्ताओं का है जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प रखते हैं।