आगरा। धुंध, कोहरा छाने से शहर की हवा तीन दिन बाद फिर से बिगड़ गई। शीतलहर चलने और हवा की रफ्तार ज्यादा होने से प्रदूषण स्तर घट गया, लेकिन मंगलवार को आगरा का एयर क्वालिटी इंडेक्स 294 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार ताजनगरी की हवा में धूल कणों व अति सूक्ष्म कणों की मात्रा सामान्य से 8 गुना ज्यादा दर्ज की गई, जबकि खतरनाक कार्बन मोनोक्साइड की मात्रा सामान्य से 30 गुना ज्यादा तक रही। पीएम कण 500 के खतरनाक स्तर तक पहुंच गए।
शहर में संजय प्लेस की हवा सबसे खराब रही, जबकि शास्त्रीपुरम क्षेत्र में हवा की गुणवत्ता सबसे कम खराब रही। संजय प्लेस और आवास विकास कालोनी में वाहनों के उत्सर्जन, सड़कों की खोदाई से निकले धूल कणों के कारण वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में आ गई, जबकि बाकी तीन सेंटर पर एयर क्वालिटी खराब रिकार्ड की गई।