कासगंज के सोरों कोतवाली पर हिंदूवादी नेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते किसान यूनियन के कार्यक?
- फोटो : KASGANJ
सोरों (कासगंज)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ फेसबुक पर टिप्पणी का मामले में हिंदू युवा वाहिनी (हिंयुवा) और किसान नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ कोतवाली में एक-दूसरे पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हिंयुवा नेता मनोज चौहान और किसान यूनियन के नेता प्रवीन शर्मा में मुख्यमंत्री के खिलाफ टिप्पणी को लेकर विवाद हुआ था। हिंयुवा नेता ने किसान नेता प्रवीन शर्मा पर अभद्र टिप्पणी डालने का आरोप लगाया। वाहिनी के जिलाध्यक्ष अनुपम यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता कोतवाली में पहुंचे और नारेबाजी की आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान मनोज चौहान, रणवीर सिंह, श्याम मिश्रा, नीतू यादव, संजय सोलंकी, नाहर सिंह, गौरव सोलंकी आदि मौजूद रहे।
वहीं किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव कुलदीप पांडे के नेतृत्व में शनिवार देर रात तमाम कार्यकर्ता कोतवाली पर पहुंचे। उन्होंने हिंयुवा नेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर राजकुमार सिंह ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत किया और कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।