आगरा में सूदखोरों से कई परिवार परेशान हैं। आत्महत्या तक के लिए मजबूर हो रहे हैं। ऐसे में एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस अपने थाना क्षेत्र के सूदखोरों को चिह्नित करेगी। बिना लाइसेंस के व्यापार करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि जन सुनवाई में काफी लोग शिकायत करने आ रहे हैं। आरोप है कि रकम लेने के बाद ज्यादा ब्याज वसूली गई। कई गुना रकम देने के बाद भी सूदखोर परेशान कर रहे हैं। संपत्ति को भी कब्जे में ले रखा है। इसे बेचने की धमकी देते हैं। इस तरह के मामालों में जांच के आदेश किए हैं। साक्ष्य जुटाने के बाद मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस से करें शिकायत
यह भी देखा जाएगा कि जिन लोगों की शिकायत है, उन पर ब्याज पर रकम देने का कोई लाइसेंस है या नहीं। बिना किसी लाइसेंस के रकम देने का व्यापार नहीं किया जा सकता है। इसकी जांच की जाएगी। एसएसपी ने लोगों से अपील की कि जिनको सूदखोर परेशान कर रहे हैं। वह जन सुनवाई में शिकायत लेकर आएं। उनकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। सूदखोरों को चिह्नित किया जाएगा।
तब नहीं हो पाया था सफल
तत्कालीन एसएसपी बबलू कुमार के कार्यकाल में सूदखोरी के मामले में आए थे। इस पर उन्होंने एक सेल का गठन किया था। यह सेल सक्रिय तो हो गई, लेकिन पीड़ितों को राहत नहीं मिल सकी। थाना पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे यह धंधा लगातार चल रहा है।