मैनपुरी। गांव सोनई के पास तीन दिन पूर्व मिले शव की पहचान न होने के बाद शनिवार को पुलिस पोस्टमार्टम कराएगी। युवक की हत्या करने के बाद शव को गांव के पास झाड़ियों में हाथ बांध कर फेंका गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह सामने आ सकेगी।
थाना कुरावली क्षेत्र में बीते बुधवार की सुबह गांव सोनई के पास सड़क किनारे झाड़ियों में 30-35 वर्षीय युवक का कई दिन पुराना शव पड़ा मिला था। युवक की हत्या कर शव को यहां फेंका गया था। युवक के हाथ पीछे की ओर बंधे हुए थे। शव एक रजाई में लिपटा हुआ था। हत्या की वारदात के बाद पुलिस तीन दिन तक पहचान के प्रयास में जुटी रही लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पहचान न होने की दशा में शनिवार आज 72 घंटे का समय पूरा हो चुका है। इसके बाद पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराएगी। रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह भी सामने आ सकेगी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि 72 घंटे तक पहचान न होने की दशा में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार कराया जाएगा।