फतेहाबाद। पुलिस का मानवीय चेहरा उस समय सामने आया जब सीढ़ियों से गिरकर घायल हुए नलकूप विभाग के रिटायर्ड कर्मचारी को पुलिस चारपाई में लिटाकर एक किलोमीटर दूर स्थित अस्पताल इलाज के लिए ले गई। बुधवार को हुए इस घटना के बाद लोगों ने पुलिस की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
फतेहाबाद थाने में तैनात उपनिरीक्षक सनोज कुमार और सिपाही संजय कुमार अवंतीबाई तिराहे के पास चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान तिराहे के पास रहने वाले नलकूप विभाग के रिटायर्ड ऑपरेटर अशोक कुमार अचानक अपने घर पर सीढ़ियों से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके घर पर उस समय कोई नहीं था। मौके पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए और मामले की सूचना पुलिस को दी।
जानकारी पर सनोज और संजय मौके पर पहुंचे और घायल वृद्ध को तत्काल चारपाई पर लिटाकर दो अन्य लोगों की सहायता से एक किलोमीटर दूर स्थित अस्पताल इलाज के लिए ले गए और भर्ती कराया। बाद में जानकारी पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे और पुलिस कर्मियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। वहीं क्षेत्र में भी पुलिस के इस मानवीय चेहरे की लोग तारीफ कर रहे हैं।