अपने पुत्र के साथ गाड़ी में सपा विधायक
- फोटो : अमर उजाला
समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के समधी और फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज से सपा विधायक हरिओम यादव के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
विधायक के साथ ये कार्रवाई उनके बेटे विजय प्रताप छोटू सहित चार अन्य लोगों के खिलाफ भी हुई। पिता-पुत्र सहित पांचों को सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया।
इससे पहले मंगलवार सुबह विधायक और उनके बेटे को पुलिस थाने से लेकर पुलिस लाइन पहुंची थी। इसके बाद पुलिस के कार्य में व्यवधान डालने और लोगों को भड़काने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया।
थाने का गेट किया बंद
सिरसागंज पुलिस स्टेशन
- फोटो : अमर उजाला
दरअसल, सपा विधायक गांव पेगू गढ़ी के युवक श्यामवीर यादव की हत्या के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए ग्रामीणों को लेकर सोमवार को सिरसागंज थाने पहुंच थे।
यहां ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पर एसएसपी राहुल यादवेंदु पहुंचे और कई थानों की फोर्स भी आ गई। पुलिस ने लाठी फटकारते हुए ग्रामीणों को वहां से हटाया।
इसके बाद सपा विधायक हरिओम यादव और उनके पुत्र विजय प्रताप छोटू को हिरासत में लिया गया था। रातभर दोनों को थाने में रखा गया। उनके समर्थकों की भीड़ थाने के बाहर जुटी थी।
ये है पूरा मामला
सोमवार दोपहर को गांव पेगू गढ़ी और सेनावली के ग्रामीणों के बीच पशुओं के खेत में घुसने को लेकर मारपीट हुई थी। आरोप है कि गांव सेनावली के लोगों ने श्यामवीर यादव को पीट पीटकर मार डाला।
इसी मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने सपा विधायक ग्रामीणों के साथ सिरसागंज थाने पहुंचे थे। भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री जयवीर सिंह और पुत्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की थी।