दरोगा की दबंगई के बाद थाने पर मौजूद पीड़ित लोग
- फोटो : अमर उजाला
एत्मादपुर थाने में तैनात एक दरोगा ने मंगलवार की शाम कस्बे में जमकर उपद्रव मचाया। आरोप है कि नशे में धुत दरोगा ने घर में घुसकर महिलाओं व दुकानदारों को डंडे से पीटा। पिटाई से एक महिला और एक दुकानदार घायल भी हो गए। घटना से आक्रोशित लोगों थाने का घेराव किया। दरोगा के खिलाफ तहरीर दी। मौके पर पहुंची सीओ अर्चना सिंह ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। उन्होंने उच्चाधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी। वहीं दरोगा को रात में लाइन हाजिर कर दिया गया।
एत्मादपुर कस्बे के तकिया चौराहा निवासी असलम ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार की शाम घर के बाहर बैठा था, तभी शाम करीब पांच बजे थाने में तैनात दरोगा अंकुर राठी ने नशे की हालत में आए और उसके साथ मारपीट की। पास में ही स्थित मेडिकल स्टोर पर पहुंचकर दुकानदार से भी अभद्रता की। इससे पहले अमर कॉलोनी निवासी महिला के घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की थी। साथ ही तकिया चौराहे पर अपने घर के बाहर बैठी महिला अफशीन को डंडे से पीट दिया।
वहीं एसबीआई सेवा केंद्र पर काम करने वाले अजय प्रताप को ड्यूटी से घर जाते समय रोक कर उसकी भी पिटाई की। सब्जी मंडी में भी लोगों के साथ मारपीट की। इससे महिलाओं व अन्य दुकानदारों के चोटें आईं इसके बाद आक्रोशित लोगों ने दरोगा की घेराबंदी की, तो वह भाग निकला। इस पर गुस्साए लोगों ने थाने का घेराव कर लिया। घटना की जानकारी होते ही सीओ अर्चना सिंह थाने पहुंचीं। पीड़ित अजय प्रताप ने थाने में आरोपी दरोगा के खिलाफ तहरीर दी । वहीं घायल महिला ने भी थाने पहुंच कर घटना की जानकारी दी।
उपद्रव व मारपीट का आरोपी दरोगा लाइनहाजिर
एत्मादपुर सीओ एत्मादपुर अर्चना सिंह ने बताया कि कस्बे में उपद्रव और मारपीट करने के आरोपी दरोगा को एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से लाइनहाजिर कर दिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मैनपुरी: दिव्यांग को निजी कार में ले जा रहे दरोगा से हाथापाई, ग्रामीणों ने फाड़ी वर्दी