पुलिस ने सीज बाइक कर दी नीलाम
मैनपुरी। भोगांव थाना पुलिस की लापरवाही महकमे के लिए परेशानी बन गई। फर्रुखाबाद निवासी युवक की सीज गई बाइक को पुलिस ने महज 1800 रुपये में नीलाम कर दिया। मामला कोर्ट में पहुंचने के बाद एसपी ने सीओ को जांच सौंपी है।
जनपद फर्रुखाबाद के थाना जहानगंज क्षेत्र के गांव गदनपुर तुर्रा निवासी राजेंद्र सिंह ने करीब चार वर्ष पूर्व बाइक खरीदी थी। चेकिंग के दौरान दरोगा ने नंबर न पड़ा होने व कागजात न होने के चलते बाइक सीज कर भोगांव थाने में खड़ी करा दी। बाइक की किस्त के पूरे रुपये न जमा कर पाने की वजह से कागजात नहीं मिल सके थे जिस वजह से बाइक को छुड़ाने में देर हो रही थी।
हाल ही में राजेंद्र ने दीवानी के अधिवक्ता चरन सिंह के माध्यम से कोर्ट में बाइक रिलीज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। जब थाने से जानकारी कि तो पता चला कि उक्त बाइक को कुछ दिन पहले नीलाम किया जा चुका है। अधिवक्ता की ओर से न्यायालय में रिपोर्ट के संबंध में जानकारी दी गई। कोर्ट द्वारा एसपी से रिपोर्ट मांगी गई है। इसके बाद एसपी की ओर से जांच सीओ चंद्रकेश सिंह को सौंपी गई है। वहीं कागजात के हिसाब से बाइक को महज 1800 रुपये में नीलाम कर दिया।
------
वर्जन
कोर्ट से प्राप्त हुए आदेश के बाद मामले की जांच सीओ भोगांव को दी गई है। मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -अशोक कुमार राय, एसपी