उत्तर प्रदेश के आगरा में एक कंपोजिट विद्यालय में शिक्षक के छात्राओं से छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज करने के बाद बुधवार को पुलिस गांव पहुंची। सादा कपड़ों में महिला पुलिसकर्मी ने पांच छात्राओं के बयान दर्ज किए। परिजन और शिक्षिकाओं से भी आरोपी शिक्षक आशुतोष शर्मा की करतूत की जानकारी ली। पुलिस विद्यालय भी गई। उधर, आरोपी शिक्षक के घर पर पुलिस ने दबिश दी, लेकिन वो मिला नहीं। बृहस्पतिवार से महिला पुलिसकर्मी विद्यालय में तैनात रहेंगी।
बुधवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे एसीपी फतेहाबाद सौरभ सिंह गांव पहुंचे। महिला दरोगा ने पीड़ित छात्राओं से परिजनों के सामने बात की। घटना की जानकारी ली। एसीपी ने बताया कि छात्राओं ने अपने बयान में मुकदमे में लिखे आरोप की पुष्टि की है। शिक्षक गलत तरीके से छूता था। परिजन भी शिक्षक पर धमकाने का आरोप लगा रहे हैं। विद्यालय में दो शिक्षिकाएं हैं। उनसे भी बात की गई। बच्चियों ने शिक्षिकाओं को ही शिक्षक की हरकत की जानकारी दी थी।
एसीपी फतेहाबाद सौरभ सिंह ने बताया कि आरोपी शिक्षक आशुतोष शर्मा कस्बा शमसाबाद का रहने वाला है। वह लाइसेंसी पिस्टल रखता है। उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। परिवार में विवाद चल रहा है। विवेचना में पता चला कि वह पहले विद्यालय नहीं आया करता था। अब उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज होती है।
इस कारण विद्यालय आने लगा है। उस पर छात्राओं से गलत हरकत करने का आरोप है। छात्राओं ने बयान दर्ज करा दिए हैं। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी, लेकिन वो घर से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। सर्विलांस की मदद से धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी के शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने की रिपोर्ट भेज दी गई है।
बुधवार को विद्यालय में शिक्षक आए थे। मगर, छात्राएं नहीं आईं। इस पर एसीपी ने परिजन से बात की। परिजन का कहना था कि जब विद्यालय में ही बेटियों से गलत हरकत होगी तो वो कहां पर सुरक्षित हैं। इस पर एसीपी ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा जाएगा।