पति और पत्नी के बीच मामूली विवादों में दूरियां बनने लगीं। मामले परिवार परामर्श केन्द्र पहुंचा। यहां दंपति को जब एक साथ बैठाया गया, तो बात खुलकर हुई। ऐसे ही 12 मामले पुलिस के प्रयास से सुलझ गए और पति-पत्नी विवाद खत्म कर एक साथ घर लौट गए।
आगरा के परिवार परामर्श केन्द्र में दंपतियों के बीच के ऐसे विवाद सामने आए, जो छोटी-छोटी बातों पर हुए। पति घर पर देरी से आता है। सास बात-बात पर टोकती हैं। पत्नी बात नहीं मानती है। मोबाइल पर घरवालों से बात करती है। इस तरह की शिकायतों के साथ परिवार परामर्श केंद्र में रविवार को दंपती आए। काउंसिलिंग के बाद 12 मामलों में समझाैता करा दिया गया।
विज्ञापन
पुलिस लाइन के नए भवन में परिवार परामर्श केंद्र संचालित हो रहा है। इसमें आठ कक्षों में सुनवाई होती है। इससे दंपतियों के बीच निजता का ख्याल रखा जाता है। रविवार को 35 जोड़े उपस्थित हुए। इस पर काउंसिलिंग की गई।
डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि केंद्र में पति-पत्नी की बात सुनने के बाद आपसी समन्वय और बातचीत के माध्यम से उन्हें बिखरने से बचाया जाता है। इसके लिए अनुभवी काउंसलर्स रहते हैं। आधे से ज्यादा शिकायतों में मामूली बात पर झगड़ा सामने आते हैं। समझाने पर कई बार दंपती फिर से साथ हो जाते हैं।