एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने बताया कि कोतवाल सूरज प्रकाश शर्मा, थाना गोविंदनगर प्रभारी एमपी चतुर्वेदी, स्वाट टीम प्रभारी एसआर गौतम, सर्विलांस प्रभारी जसवीर सिंह ने मास्टरमाइंड शिव कुमार उर्फ शिवा बौहरे निवासी त्रिमूर्ती नगर, बन्नादेवी (अलीगढ़) और छात्र का दोस्त शोभित चौहान निवासी सीसियापाड़ा, गांधी पार्क (अलीगढ़) को पकड़ा है। फरार निशांत निवासी पला फाटक के पास, गांधी पार्क (अलीगढ़) की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। अपहरणकर्ताओं ने छात्र के चाचा गौरव अग्रवाल को फोन करके एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। यूपी पुलिस महानिदेशक ने टीम को 50 हजार रुपये का इनाम दिया है।
सकुशल वापसी पर पल-पल नजरें गढ़ाए थे एसपी सिटी
एक करोड़ रुपये की लगातार फिरौती मांगने वाले अपहरणकर्ता न देने पर गंतव्य को मारने की धमकी भी दे रहे थे। कोतवाली में बैठे एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह लगातार अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुटी टीम से पल-पल की जानकारी जुटाते हुए उन्हें दिशानिर्देश भी दे रहे थे। एसपी सिटी का मकसद केवल एक था कि हर हाल में छात्र की सकुशल वापसी हो सके। इसको लेकर वह करीब पांच घंटे तक कोतवाली में ही डेरा डाले रहे। यहां बैठे छात्र के परिजनों को भी ढांढस बंधा रहे थे कि सकुशल वापसी कराएंगे। सकुशल वापसी होने के बाद ही एसपी सिटी ने कोतवाली छोड़ी।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।