फिरोजाबाद जनपद के गांव पीथनी में विवाहिता की हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मृतका के ससुरालीजनों पर लगा है। ये लोग मायका पक्ष को सूचना दिए बिना मृतका का अंतिम संस्कार कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को चिता से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल लेकर आई। पुलिस ने मायका पक्ष की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मैनपुरी जनपद औछा थाना क्षेत्र के गांव पडरिया निवासी मीनादेवी ने अपनी पुत्री नारायण देवी का विवाह सात वर्ष पूर्व थाना मटसेना थाना क्षेत्र के गांव पीथनी निवासी प्रमोद के साथ किया था। आरोप है कि सोमवार को नारायण देवी की हत्या कर घर से करीब दो सौ मीटर दूर खेत में उसकी चिता लगाकर आग लगा दी। इसकी जानकारी ग्रामीणों ने नारायण देवी की मां मीना देवी को फोन पर दी।
मथुरा में दरिंदगी: छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म, मासूम की हालत देखकर मां हुई बेसुध
बेटी की हत्या कर शव जलाने की सूचना पर मीना देवी परिवार के लोगों के साथ बेटी के गांव पहुंची। बेटी के शव को चिता से निकालने के लिए पीड़िता ने मटसेना थाना पुलिस को सूचना देकर पूरे मामले से अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित परिजनों और ग्रामीणों की मदद से शव को चिता से बाहर निकाला। इस बीच 70 प्रतिशत शव जल चुका था।
अधजले शव को पुलिस पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर आई। उधर, देर रात मटसेना थाना पुलिस ने मृतका की मां मीना देवी की तहरीर पर पति प्रमोद, ससुर लाखन सिंह, सास गायत्री देवी व देवर समोद कुमार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष मटसेना विनय कुमार का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी को प्रयास किए जा रहे है।