ट्रक से बरामद हुआ पांच कुंतल गांजा
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद के थाना सिरसागंज क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार देर शाम को सर्विलांस और एसओजी टीम के सहयोग से गांजे की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार करते हुए 50 लाख रुपये का गांजा बरामद किया है। यह गांजा ओडिशा से नारियल के ट्रक में छिपाकर लाया गया था।
पुलिस ने शुक्रवार की शाम हाईवे पर चेकिंग के दौरान एक ट्रक को घेर लिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि इस गाड़ी को पहले से ही सर्विलांस टीम और एसओजी टीम ट्रैक रही थी। जैसे ही ट्रक ने थाना क्षेत्र में प्रवेश किया, वैसे ही सिरसागंज प्रभारी आजाद पाल सिंह और उनकी टीम ने ट्रक को घेर लिया।
प्लास्टिक के बोरों में भरा मिला गांजा
थाना प्रभारी आजाद पाल सिंह ने बताया कि ट्रक में नारियल भरे हुए थे। ट्रक ओडिशा से आगरा जा रहा था, लेकिन जब ट्रक से नारियल उतारा गया तो उसमें अंदर प्लास्टिक के बोरे निकले जिनमें गांजा भरा हुआ था। बोरियों में चार कुंतल अस्सी किलो गांजा भरा मिला, जिसकी अंतराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 50 लाख रूपये की है।
सीओ कमलेश कुमार ने बताया कि ये गांजा आगरा और मथुरा में तस्करी करके लाया जाता है और यहां से दूसरे जनपदों में भेजा जाता है। पुलिस ने गांजे के साथ सतेन्द्र निवासी नगला डुकरिया थाना कासगंज को गिरफ्तार किया है। जबकि अनिल निवासी सिकंदराऊ मौके से भागने में सफल हो गया। साथ ही पुलिस ने ट्रक को भी जब्त कर लिया है।