बिना अनुमति उप राष्ट्रपति का स्वागत करने घुसे तीन लोग।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के एक जून को आगरा आने पर एयरफोर्स परिसर में बिना प्रवेश पास के पहुंचे तीन लोगों को किस कार में लाया गया। इसकी जांच सीसीटीवी कैमरों के जरिए हो रही है। एयरफोर्स परिसर के गेट पर लगे कैमरे के साथ खेरिया एयरपोर्ट की पार्किंग और गेट पर लगे कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है कि यह तीनों लोग किस नेता के साथ एयरपोर्ट पहुंचे।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की सुरक्षा में सेंध का मामला उच्च स्तर पर पहुंचा है। एयरफोर्स के प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना प्रवेश पास और लिस्ट में नाम के बिना ही तीन लोग संजय अरोड़ा, रोहित कत्याल, सोनू कक्कड़ उपराष्ट्रपति के बेहद नजदीक पहुंच गए और उनसे मुलाकात भी की। सोशल मीडिया पर इसके फोटो भी वायरल हो गए हैं। उपराष्ट्रपति की सुरक्षा में सेंध के इस मामले में प्रशासन ने एयरपोर्ट की सुरक्षा संभाल रही सीआईएसएफ के कमांडेंट से रिपोर्ट मांगी है।
पार्टी नेता की कार में पिछली सीट पर बैठकर पहुंचे
प्रशासन ने सुरक्षा में सेंध लगाने वाले संजय अरोड़ा, रोहित कत्याल, सोनू कक्कड़ को ले जाने वाले वाहन की सीसीटीवी फुटेज से जांच शुरू की है। जिस कार में यह तीनों पहुंचे, उसे देखा जा रहा है। हालांकि भाजपा नेताओं ने बताया कि पार्टी के एक नेता की कार में पिछली सीट पर यह तीनों बैठकर एयरफोर्स परिसर के टेक्निकल परिसर तक पहुंचे थे। इन तीनों ने उपराष्ट्रपति को फूल भी भेंट किया।