कासगंज। हादसे में शिक्षक की मौत के मामले में पुलिस टीम जांच में जुटी हुई है। गठित की गईं दो टीमें कई पहलुओं पर जांच कर रही हैं। टीमों ने प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज कर लिए हैं। जांच टीम मृतक शिक्षक के परिजनों के भी बयान दर्ज करेगी। एसपी ने जल्द ही जांच पूरी कर आख्या मांगी है।
गुरुवार की रात सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के गांव बघराई निवासी शिक्षक राघवेंद्र सिंह की हादसे में मौत हो गई थी। इस मामले में परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा किया और यूपी 100 पुलिस पर गैर इरादतन हत्या का आरोप लगाया। परिजनों का आक्रोश देख पुलिस ने मामले में यूपी 100 की पीआरबी 1140 के पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
एसपी सुशील घुले ने मामले में जांच के लिए दो टीमें बनाई हैं। यूपी 100 प्रभारी और पटियाली कोतवाली प्रभारी मामले की जांच कर रहे हैं। यूपी 100 के प्रभारी पदम सिंह ने गंजडुंडवारा पहुंचकर पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए। इसके बाद वह गंजडुंडवारा रोड स्थित घटनास्थल पहुंचे वहां जांच की। जिस होटल पर पुलिसकर्मियों और शिक्षक के बीच बातचीत हुई थी उस होटल पर पहुंचकर भी प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। जांच टीम अब मृतक शिक्षक के परिजनों और ग्रामीणों के भी बयान दर्ज करेगी।
शुरू की गई विवेचना
कासगंज। पुलिकर्मियों पर दर्ज किए गए मुकदमें की विवेचना कर रहे उपनिरीक्षक ने भी घटना से संबंधित साक्ष्य और सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। बिंदुवार विवेचना शुरू की गई है। एसपी सुशील घुले ने गंजडुंडवारा पुलिस को निर्देश दिए हैं कि पारदर्शी तरीके से विवेचना पूरी करें।
बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जल्द ही जांच पूरी कर लेंगे। प्रत्यक्षदर्शियों, पुलिसकर्मियों और मृत शिक्षक के परिजनों से बातचीत करने के बाद किसी नतीजे पर पहुंचेंगेञ
- पदम सिंह, यूपी 100 प्रभारी/ जांच अधिकारी।