दो नामजद व चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
मनोज की तहरीर पर काकी परमार, रवि पचौरी और चार अज्ञात के खिलाफ अपहरण और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों को मुख्य आरोपी बताया गया। यह भी आरोप लगाया कि मनोज की पत्नी को कालभी रवि पचौरी ने किया था। दो लाख रुपये की मांग की थी। सूत्रों ने बताया कि काकी और रवि पुलिस के गुर्गे हैं। उन्होंने ही पुलिस के साथ साजिश की थी। मनोज शर्मा को पकड़वाकर वसूली करना चाहते थे। मगर, मनोज का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था तो उसे पकड़ा क्यों गया।
मौत की खबर से पुलिसकर्मियों के उड़े होश
मनोज ने बताया कि गाड़ी में जबरन बैठाकर ले गए थे। चौकी में डेढ़ घंटे तक मारपीट की गई। कहा कि दो लाख रुपये दो या फिर तुम्हें छोड़ेंगे नहीं। तीन साल के लिए जेल में भिजवा देंगे। उन्होंने मना कर दिया। इसके बावजूद मारपीट की। पत्नी की मौत की खबर पुलिस कर्मियों को रात 2:30 बजे मिली। उनके होश उड़ गए। इस पर दरोगा ने घर फोन किया। मारपीट करके मोबाइल से वीडियो बनाया। उनसे बुलवाया कि जुआ सट्टा खेलता हूं। आज के बाद नहीं खेलूंगा।
कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति
पुलिस की अवैध हिरासत का यह कोई पहला मामला नहीं है। इस बार हिरासत में रखे गए व्यक्ति की नहीं, बल्कि उसकी पत्नी की जान गई। इससे पहले लोगों की जान जा चुकी है। चार साल पहले थाना सिकंदरा पुलिस की हिरासत में राजू गुप्ता की मौत हो गई थी। मुकदमा दर्ज हुआ। एक दरोगा और दो युवक पकड़े गए। पुलिस ने हत्या की धारा को गैर इरादतन हत्या की धारा में तरमीम कर दिया। इसके बाद चार्जशीट लगा दी। मामले की जांच सीबीसीआईडी कर रही है।
जगदीशपुरा थाना पुलिस की हिरासत में सफाई कर्मी की मौत हुई थी। उस पर चोरी का आरोप था। पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। मगर, कोई गिरफ्तार नहीं हुआ। विवेचना के बाद केस में फाइनल रिपोर्ट लगा दी गई। इससे पहले भी हिरासत में मौत हो चुकी हैं। इरादतनगर में मध्य प्रदेश के आकाश की पुलिस एनकाउंट में गोली लगने से मौत हुई थी। परिजन ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमे के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया। अदालत ने मुकदमे के आदेश किए हैं।
दो बच्चों के सिर से उठाया मां का साया
अनीता की मौत से परिवार के कोहराम मचा हुआ है। परिवार के लोगों ने बताया कि अनीता की शादी 17 साल पहले मनोज से हुई थी। मनोज दो भाइयों में छोटा है। उसके दो बेटे 17 साल का अजय और 12 साल का बिट्टू है।
परिवार के सवाल:-
- थाने की जगह चौकी पर क्यों ले गए?
- क्या थाने ले जाकर जीडी में दर्ज किया?
- पत्नी को रवि पचौरी ने क्यों काल किया? पुलिस ने क्यों नहीं?
- पुलिस के पास ऐसा कौन सा सबूत था, जो मनोज को पकड़ा गया?
- किसी की शिकायत पर पुलिस ने चौकी पर ले जाकर क्यों पीटा?