आगरा के ताजगंज क्षेत्र की गोकुलम काॅलोनी (रोहता) में दो जमीनों का साैदा फर्जी दस्तावेज के सहारे चार महिलाओं से कर लिया गया। महिलाएं कब्जा लेने गईं तो धोखाधड़ी का पता चला। रकम मांगने पर धमकी दी गई। पुलिस आयुक्त के आदेश पर जांच के बाद जमीन के फर्जी मालिक बनने वाले कपूरचंद, प्राॅपर्टी डीलर रविंदर उर्फ रवि सहित चार को गिरफ्तार किया गया है। ये गिरोह बनाकर काम कर रहे थे।
एसीपी सदर विनायक भोसले ने बताया कि गौतम नगर, कोटली बगीची निवासी सुनीता देवी पत्नी मौजीराम ने पुलिस आयुक्त को प्रार्थनापत्र दिया था। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 2024 को गोकुलम काॅलोनी रोहता में पांच लाख रुपये में कपूरचंद से भूखंड संख्या 18 खरीदा था। साैदा देवरी रोड के रविंद्र उर्फ रवि, केतन सिंह और शिवा के माध्यम से हुआ था। दो सप्ताह बाद वह निर्माण कराने गईं तो वहां नाला काजीपाड़ा, रकाबगंज निवासी जयदीप आ गए। भूखंड का बैनामा अपने नाम होने का दावा किया और बैनामा भी दिखाया।
यह उनकी पत्नी ललिता के नाम पर था। बैनामे की जांच पर पता चला कि कपूरचंद, रविंद्र, केतन और शिवा ने एक ही भूखंड का दोनों के नाम बैनामा किया था। एसीपी की जांच में धोखाधड़ी की पुष्टि हुई। रविवार को थाना सदर में कपूरचंद, रविंद्र, केतन सिंह और शिवा के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित प्रपत्र तैयार करने की धारा में केस लिखा गया। पुलिस ने कपूरचंद, रविंद्र, उसके साले ज्वाला सिंह व एक अन्य आकाश को गिरफ्तार किया है।