सूरसदन से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर पुलिस की कड़ी चौकसी के बावजूद बाइक सवार बदमाशों ने महिला से 1.80 लाख रुपये की लूट कर ली। छीनाझपटी में महिला रिक्शे से गिरकर चोटिल हो गई।
मोतीलाल नेहरू रोड निवासी फरजाना बेगम भाभी सुमेदा के साथ बुधवार दोपहर को सूर्य नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में आई थीं। उनके रिश्तेदार नज्म जैदी ने बताया कि फरजाना के पति अजीज उल हसन को शनिवार को दिल का दौरा पड़ने पर दिल्ली गेट स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। इलाज के लिए उसने बुधवार को बैंक से दो लाख रुपये निकाले। 20 हजार रुपये सुमेदा के पर्स में रखवा दिए, जबकि 1.80 लाख रुपये, पास बुक और मोबाइल अपने बैग में रख लिए। दोपहर डेढ़ बजे दोनों रिक्शे से घर लौट रही थीं। वजीरपुरा मोड़ पर ईजी डे के सामने पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उससे बैग छीन लिया। इससे वह रिक्शे से गिरकर चोटिल हो गई। लुटेरे पालीवाल पार्क की ओर भाग निकले। इंस्पेक्टर हरीपर्वत मौके पर पहुंचे और लुटेरों की तलाश में चेकिंग शुरू करवाई मगर कोई हाथ नहीं लगा। इस संबंध में थाने में तहरीर दी गई है।
केवल मंत्री के लिए लगी थी पुलिस ?
आगरा। कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह के सूरसदन में कार्यक्रम के चलते सुबह से ही चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात था। सर्किट हाउस से लेकर पूरे एमजी रोड के हर चौराहे पर पुलिसकर्मी थे। जहां लूट हुई है, वहां से सूरसदन की दूरी पांच सौ मीटर भी नहीं है। इतनी सुरक्षा में लुटेरे महिला का बैग लूटकर ले गए और पुलिस ताकती रही। सवाल उठता है कि क्या सड़क पर इतना पुलिस बल केवल मंत्री के काफिले को गुजारने के लिए लगा था?