अत्याधुनिक पुलिसिंग का दावा करने वाली कमिश्नरेट की पुलिस सनसनीखेज हत्याकांड और लूट के अधूरे खुलासे कर रही है। कारगिल चौराहे पर हुए ज्वलैरी शोरूम में लूट व सराफ हत्याकांड में फरार 50 हजार का इनामी अपराधी फारुख हो या फिर चर्चित गुलफाम हत्याकांड का फरार आरोपी पुष्पेंद्र बघेल, दोनों ही पुलिस के लिए पहेली बन चुके हैं। फतेहाबाद में 8 साल के अगवा छात्र का सुराग भी पुलिस नहीं लगा सकी है।
सिकंदरा के कारगिल चौराहे पर दो मई को दिनदहाड़े लाखों की लूट और सराफ योगेश चौधरी हत्याकांड में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों में एक अमन एनकाउंटर में मारा गया, जबकि उसका साथी फारुख आज तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है। पुलिस ने अमन के भाई और पिता को वारदात में सहयोग करने में जेल भेजा। फारुख पर 50 हजार का इनाम घोषित किया है, लेकिन पुलिस का सर्विलांस उसे पकड़ने में नाकाम है।
ये भी पढ़ें - युवती की हत्या: घर में चारपाई पर मिली लाश...चोरों ओर बिखरा खून, गले पर गहरे जख्म; पांच महीने बाद होनी थी शादी
ताजगंज के बिरयानी विक्रेता गुलफाम के चर्चित हत्याकांड में पुलिस तीसरे आरोपी पुष्पेंद्र बघेल को भी नहीं पकड़ सकी है। आरोपियों ने हत्या करने के बाद वीडियो बनाकर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया था। दो आरोपियों को पुलिस ने जेल भेजा मगर तीसरा आरोपी अभी तक पुलिस के लिए पहेली बना हुआ है।
ये भी पढ़ें - कुणाल हत्याकांड में बड़ा अपडेट: सस्ता सोना बन गया कत्ल की वजह...दोस्तों ने इतनी बेरहमी से मारा, कांप उठा कलेजा
अभय के अपहरण की गुत्थी को सुलझाने में नाकाम पुलिस
फतेहाबाद के विजय नगर कॉलोनी से 30 अप्रैल को 8 साल के छात्र अभय उर्फ बिट्टू का अपहरण कर लिया गया। इस सनसनीखेज अपहरण कांड की गुत्थी सुलझाने में पुलिस नाकाम है। इस मामले में कई राज्यों में दबिश दी जा चुकी है। सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरों की मदद लेने के बाद भी बच्चे का कोई सुराग नहीं लग सका। यहां तक कि पुलिस ने कुएं, तालाब भी खंगाल डाले। कुछ दिन पहले पुलिस ने बच्चे के नजदीकियों के लाई डिटेक्टर टेस्ट कराने के लिए भी प्रयास किया मगर अभी तक यह भी नहीं हो पाया है।