एमएलसी बुक्कल नवाब और कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
हनुमान जी की जाति-धर्म बताने वाले उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण और भाजपा के एमएलसी बुक्कल नवाब की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। कासगंज जिले के थाना सोरों में इन दोनों नेताओं के खिलाफ तहरीर दी गई है।
समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष भूपेश शर्मा ने सपाइयों के साथ थाना सोरों पुलिस को तहरीर दी है। इसमें उन्होंने लक्ष्मीनारायण चौधरी और बुक्कल नवाब पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया है।
सपा नेता ने कहा कि हिंदू धर्म के करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई जा रही है। भाजपा के एमएलसी एवं मंत्री भगवान हनुमान की जाति व धर्म बताकर विवादित बयान दे रहे हैं। इसी संबंध में उन्होंने तहरीर दी है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी सोरों रिपुदमन सिंह ने कहा कि तहरीर कोतवाली के प्रशासनिक निरीक्षक को दी गई है। मामले को समझकर निर्णय लिया जाएगा।
हनुमान जी पर बयानबाजी
गौरतलब है कि भाजपा के एमएलसी बुक्कल नवाब ने हनुमान जी को मुसलमान बताया। उनका कहना है कि हनुमान जी मुसलमान थे, इसलिए मुसलमानों में उनके नाम जैसे होते हैं। उन्होंने रहमान, सुल्तान, अरमान, रमजान आदि नाम भी गिना डाले।
बुक्कल नवाब के बाद योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने भी हनुमान जी पर अजीबोगरीब बयान दे डाला। उन्होंने हनुमान जी को जाट बता दिया। तर्क दिया कि हनुमान जी का स्वभाव उनके समुदाय से मिलता है।
इससे पहले विधानसभा चुनावों के दौरान राजस्थान के अलवर में एक जनसभा संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजरंगबली को दलित बताया था। उन्होंने कहा था कि बजरंगबली एक ऐसे लोक देवता हैं, जो वनवासी हैं, निर्वासी हैं, दलित हैं, वंचित हैं।