वाहन में मिली शराब की 300 पेटी
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी जिले के थाना कुरावली क्षेत्र में सोमवार की रात पुलिस ने जीटी रोड पर चेकिंग के दौरान शराब की खेप पकड़ी है। यह शराब हरियाणा से तस्करी कर लाई गई थी। पुलिस ने एक आरोपी गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य फरार हो गया। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे एक सूचना पर पुलिस टीम ने जीटी रोड पर एटा की तरफ जा रहे टाटा कैंटर संख्या यूके 08 सी ए 6333 को रुकवाने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन को भगाने का प्रयास किया।
एक आरोपी को पकड़ा
पुलिस ने जीटी रोड स्थित जैथरा मोड़ पर वाहन को रुकवा लिया। पुलिस को देखते ही वाहन में सवार दो व्यक्ति खेतों में भागने लगे। पुलिस ने पीछा करते हुए एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि दूसरा व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम ललित पुत्र जयपाल निवासी नालागढ़ जिला यमुनानगर हरियाणा बताया। फरार हुए का आरोपी का नाम विशाल पुत्र नरेंद्र बाबू फौजी निवासी उत्तम नगर जिला सहारनपुर है।
वाहन की तलाशी के दौरान 300 पेटी हरियाणा प्रांत की देसी शराब हुई, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पकड़े हुए आरोपी को जेल भेज दिया।