पुलिस ने कंटेनर से मुक्त कराया गोवंश
- फोटो : अमर उजाला
न्यू दक्षिणी बाईपास स्थित कराहरा के समीप शुक्रवार की रात दो बजे हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने गायों से भरा ट्रक पकड़ा। कार्यकर्ताओं के पीछा करने पर चालक और परिचालक ट्रक को सड़क किनारे खड़ा करके फरार हो गए। ट्रक में बरामद 15 गाय और तीन सांड़ को पुलिस ने गोशाला भेजा है।
थानाध्यक्ष मलपुरा अवनीश त्यागी ने बताया कि शुक्रवार की रात हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं को ट्रक से गायों को तस्करी के लिए ले जाने की सूचना मिली थी। इस पर कार्यकर्ताओं ने न्यू दक्षिणी बाईपास पर पहुंचकर ट्रक को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ट्रक को लेकर मथुरा की ओर भागने लगा। कार्यकर्ताओं ने पुलिस को सूचना देने के साथ ट्रक का पीछा किया। इस पर ट्रक को ढाबे के पास सड़क किनारे खड़ा करके चालक, परिचालक भाग निकला। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई।
पुलिस को ट्रक में 15 गाय और तीन सांड़ मिले। एसओ ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया गया। वहीं बरामद गायों को बाईंपुर स्थित गोशाला भेज दिया गया। पुलिस ने ट्रक मालिक, चालक और परिचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मौके पर हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय जाट, बृजेश भदौरिया, विशाल, मनीष आदि मौजूद रहे।