इसी कार से बरामद की गई कांग्रेस की प्रचार सामग्री
- फोटो : अमर उजाला
आगरा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली एटा की जलेसर विधानसभा क्षेत्र में उड़नदस्ता ने गुरुवार शाम प्रचार सामग्री भरी एक स्कार्पियो कार को पकड़ा। तलाशी के दौरान मुद्रक और प्रकाशक का नाम न लिखी कांग्रेस की प्रचार सामग्री बरामद की गई। इस पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने प्रचार सामग्री जब्त कर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
सकरौली थाना क्षेत्र के गांव टिमरुआ के पास चेकिंग कर रही स्थाई निगरानी टीम और उड़नदस्ता ने जलेसर की ओर से आ रही एक स्कार्पियो कार को रोक कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान पाया गया कि कार को चुनाव में चलने की परमीशन आगरा आरओ द्वारा दी गई थी। कार को खोलकर जब उसमें देखा गया तो उसमें कांग्रेस की प्रचार सामग्री रखी हुई थी।
प्रचार सामग्री को क्षेत्र में बांटने के लिए ले जाया जा रहा था। अंदेशा जताया गया कि जलेसर क्षेत्र में सामग्री बांटी भी गई है। स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुचेंद्र सिंह ने बताया कि प्रचार सामग्री में मुद्रक और प्रकाशक के नाम के अलावा संख्या का भी उल्लेख नहीं था। इसके चलते सामग्री को जब्त कर लिया गया। कार में आगरा निवासी रमेश चंद्र पुत्र श्यामलाल मौजूद थे।
उन्होंने बताया कि प्रचार सामग्री बरामद होने के संबंध में जानकारी थाना सकरौली पुलिस को देते हुए तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। थाना प्रभारी सकरौनी संजय तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। तहरीर में किसी का नाम नहीं था। तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।