एटा पुलिस ने पकड़े महिला की हत्या के आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली नगर के मोहल्ला कृष्णा नगर पीपल अड्डा में मंगलवार रात महिला की हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने खुलासा कर छह हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर महिला के कपड़े, मोबाइल, हत्या करने वाला पत्थर और दो तमंचा बरामद किए हैं। वारदात में दो हिस्ट्रीशीटर भी शामिल हैं।
एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में बताया कि 32 वर्षीय महिला निवासी मोहल्ला कृष्णा नगर पीपल अड्डा को रात करीब 12.30 बजे सुनील कुमार दिवाकर निवासी कृष्णा नगर ने फोन किया कि उसके पति का एक्सीडेंट हो गया है। वह गंभीर हालत में सड़क पर पड़े हुए हैं। इसकी खबर सुनकर महिला बिना चप्पल के ही घर से सड़क की ओर भागी।
संबंधित खबर...
एटा: महिला की नृशंस हत्या, तालाब किनारे नग्न अवस्था में मिला शव, तीन युवक हिरासत में
तभी आगे चलकर हेमंत निवासी जिन्हैरा, हिस्ट्रीशीटर याली उर्फ दिनेश निवासी अंबारी, त्रिवेंद्र निवासी नगला समल थाना कोतवाली देहात, सुनील, बदन सिंह निवासी बरी बगवास थाना सिकंदरपुर वैश्य कासगंज, अनिल कुमार निवासी गढ़ी बैंदुला थाना बागवाला मिले। आरोपियों ने महिला को पकड़ लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश की।
महिला ने इसका विरोध किया। इसी दौरान याली उर्फ दिनेश ने महिला के सिर पर तमंचा की बट से प्रहार कर दिया जिससे महिला जमीन पर गिर गई, लेकिन आरोपियों से जूझती रही। एसएसपी ने बताया कि जब आरोपियों को लगा कि अब सभी को पहचान लिया है और बात बढ़ जाएगी तभी हेमंत ने सिर में भारी पत्थर मार दिया। उसके बाद पत्थर से चेहरा कुचलकर हत्या कर दी गई।
बदन सिंह ने रचा था षड्यंत्र
महिला अपने पति और बच्चों के साथ दो वर्ष पूर्व मकान में किराए पर रही थी। तब बदन सिंह भी रहता था। पानी भरने को लेकर विवाद हो गया था। तब बदन सिंह ने धमकी दी थी कि महिला को ऐसी मौत मारुंगा कि याद रखेगी। महिला बच्चों सहित 24 जून को फिर से इसी मकान में किराए पर आ गई। इधर बदन सिंह सामने वाले मकान में किराए पर रह रहा था। उसे पता चला कि महिला आ गई है तो षड्यंत्र रचकर योजना बनाई थी।
महिला के घर पर आता-जाता था सुनील
सुनील का पहले से ही महिला के घर आना जाना था। बदन सिंह ने अपने षड्यंत्र में हेमंत और सुनील को शामिल कर लिया था। योजना के अनुसार सुनील के फोन से बात कराकर बुलाया।
आरोपियों पर लगेगी गैंगस्टर और रासुका
एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया है कि सामूहिक दुष्कर्म करने का प्रयास और असफल होने पर निर्ममता पूर्वक हत्या करने के संगीन मामले के सभी आरोपियों पर गैंगस्टर और रासुका लगाई जाएगी। फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई के लिए अपील करके जल्द सजा दिलाने का काम पुलिस द्वारा किया जाएगा।