सहावर पुलिस की गिरफ्त में छेड़छाड़ का आरोपी युवक
- फोटो : अमर उजाला
सहावर क्षेत्र में छात्रा से छेड़छाड़ करने का मनचला आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद उसे जेल भेजा गया है। छात्रा को पुलिस ने सुरक्षा का भरोसा दिलाया है। सोमवार को वह स्कूल जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक ने बालिका सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों में कड़ा पहरा करने के निर्देश दिए हैं।
कस्बे के समीप ही एक गांव की छात्रा का पूरा परिवार कई दिनों से दहशत में था। कक्षा 11 की छात्रा 15 दिन से कस्बे के स्कूल में पढने नहीं आ रही थी क्यों कि मनचले रोहतास ने उठा ले जाने की धमकी दे डाली। शनिवार को पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
एसपी सुशील घुले ने आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। सहावर थाना पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी। थानाध्यक्ष गनेश चौहान ने आरोपी की तलाश में दबिशें दीं और क्षेत्र के ही गांव नाथूपुर के समीप से मनचले को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया है।