आगरा के एत्माद्दौला के राधा नगर में दो बार फायरिंग करने के मामले में फरार आरोपी रंगबाज और उसके साथी को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। उससे फायरिंग में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक भी बरामद कर ली। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिए गए।
टेढ़ी बगिया स्थित राधा नगर निवासी पीयूष गौतम के घर के बाहर सबसे पहले 23 सितंबर को फायरिंग की गई थी। मामले में पीयूष गौतम ने मोहल्ले में रहने वाले नीरज गौतम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मगर, आरोपी पकड़ा नहीं जा सका। इस वजह से तीन अक्तूबर को नीरज गौतम फिर पीयूष गौतम के घर आया। उसके साथ कई और युवक भी थे।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी घटना
युवकों ने आते ही गालीगलौज की। इसके बाद पीयूष के घर के गेट पर ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग की। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। मामले में नीरज, शैलेंद्र गौतम, जयप्रकाश, नितिन, विवेक और पंकज के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी नीरज गौतम और सुशील सिसौदिया को फाउंड्री नगर स्थित गोकुल नगर से गिरफ्तार कर लिया।