पुलिस की गिरफ्त में चांदी लूट का आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में शाहगंज के कोठी मीना बाजार में 29 जुलाई को 14.5 किलोग्राम चांदी की लूट करने वाले बदमाशों के सरगना भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ब्रज क्षेत्र के पूर्व अध्यक्ष समीर अब्बास उर्फ जॉनी को मंगलवार को जीआईसी कॉलेज के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से लूटी गई चांदी में से दो किलोग्राम बरामद की गई। घटना में प्रयुक्त स्कूटर भी मिल गया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
शनिवार रात को वायु विहार में मुठभेड़ के बाद एसओजी, क्राइम ब्रांच और थाना शाहगंज पुलिस ने नौ बदमाशों को गिरफ्तार किया था। गैंग का सरगना किशोरपुरा निवासी समीर अब्बास था। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि समीर अब्बास सराफ से मिलने जा रहा है। वह चांदी बेचने की फिराक में है। उसे जीआईसी स्थित खंडहर आवास के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
संबंधित खबरः भाजपा नेता निकला लुटेरों का सरगना, दो बड़ी वारदात की रची थी साजिश, मुठभेड़ में नौ गिरफ्तार
लूट में इस्तेमाल स्कूटर पर नंबर नहीं
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिंह राघव ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि आरोपी चांदी बेचने के बाद आगरा से बाहर भागने की फिराक में था। उसका स्कूटर चांदी लूट की वारदात के बाद सीसीटीवी कैमरे में आ गया था। उस पर नंबर नहीं था। गैंग का सदस्य आमिर अभी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।