आगरा-दिल्ली रूट की ट्रेनों में लूट और छिनैती करने वाले गिरोह के छह बदमाशों को जीआरपी आगरा कैंट ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूटे गए तीन लैपटॉप, 14 मोबाइल और 10 हजार की नकदी बरामद की हुई है।
पकड़े गए बदमाशों में कई पूर्व में जेल जा चुके हैं। वहीं आगरा फोर्ट जीआरपी ने रेलवे ट्रैक के किनारे जुआ खेलते पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
एसपी जीआरपी नितिन तिवारी ने बताया कि गणतंत्र दिवस के मद्देनजर जीआरपी ट्रेनों और स्टेशनों पर चेकिंग कर रही है। इसी दौरान आगरा कैंट इंस्पेक्टर अश्विनी कौशिक ने अपनी टीम के साथ स्टेशन परिसर के झांसी एंड पर छह लोगों को संदिग्ध हालात में घूमते देखकर पूछताछ की।