पुलिस गिरफ्त में फर्जी विजिलेंस इंस्पेक्टर
- फोटो : संवाद
उत्तर प्रदेश के एटा में कोतवाली नगर पुलिस ने खुद को विजिलेंस इंस्पेक्टर बताने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। इसके पास से उत्तर प्रदेश पुलिस के विजिलेंस विभाग का फर्जी परिचय पत्र मिला है। यह लोगों से धौंस दिखाकर धोखाधड़ी करता था। ठेल-ढकेल वालों से वसूली और मुफ्त सामान ले जाता था।
कोतवाली प्रभारी अरुण पंवार ने बताया कि शुक्रवार की देर रात सैनिक पड़ाव से चेकिंग के दौरान विशाल राजपूत निवासी मोहल्ला इनायतगंज थाना अतरौली जिला अलीगढ़ हाल निवासी अवागढ़ हाउस थाना कोतवाली नगर के पास से एक फर्जी परिचय पत्र बरामद किया गया है। जिस पर उत्तर प्रदेश पुलिस इंस्पेक्टर, विजिलेंस लिखा हुआ है।
पूछताछ में विशाल ने पुलिस को बताया कि अपना फर्जी परिचय पत्र दिखाकर पद की धौंस जमाता था। अपने अधिकारियों का हवाला देकर आम लोगों से धोखाधड़ी कर पैसे ठगता था। इसके अलावा फर्जी पत्रकार बनकर छोटे-छोटे दुकानदारों से अवैध वसूली भी करता था। पूर्व में प्रदेश स्तरीय शासन-प्रशासन के उच्चाधिकारियों को अपना परिचय एक पत्रकार के रूप में देकर उनसे असंवैधानिक कार्य कराने के लिए दबाव बनाता रहा है।
पकड़ा गया आरोपी विशाल राजपूत विजिलेंस इंस्पेक्टर व पत्रकार बताकर सीधे-साधे लोगों से ठगी करता था। बड़े-बड़े अधिकारियों को पत्रकारिता की धौंस दिखाकर असंवैधानिक कार्य कराने के लिए दबाव बनाता था।
-विक्रांत द्विवेदी, सीओ सिटी