कागारौल। बरसात के मौसम में चोरी की संभावित घटनाओं की रोकथाम के लिए थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को थाना क्षेत्र एवं सीमा से सटे गांवों में विशेष सुरक्षा अभियान चलाकर ग्रामीणों के साथ बैठक की। पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने, सामूहिक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के दिगरौता, गढ़मुक्खा, बीसलपुर, खेरिया, नगला हरलाल और औरंगपुर सहित थाना सीमा से लगे थाना सैंया क्षेत्र के जौनई, सिकंदरपुर, कुकावर और विरहरू गांवों में ग्रामीणों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी सुझाव दिए। गोष्ठी में पुलिस ने बताया कि बरसात के दौरान अंधेरा और सुनसान का फायदा उठाकर चोर वारदातों को अंजाम देने का प्रयास करते हैं। इसलिए गांवों में रात्रि पहरेदारी की व्यवस्था की जाए। चौकीदारों को सक्रिय रखा जाए। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जाए।