मैनपुरी। अपराधियों पर अंकुश लगाने के साथ ही एसपी अपने विभाग को भी दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं। एसपी ने बीस पुलिसकर्मियों के तबादले के लिए आला अफसरों को पत्र लिखा है। अभी तक 32 पुलिसकर्मी ऐसे चिह्नित किए गए हैं, जिन पर अनुशासन तोड़ने और अपराधियों से साठगांठ का आरोप है।
पदभार ग्रहण करने के बाद ही एसपी अजय कुमार पांडेय ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यशैली में सुधार के निर्देश दिए थे। एसपी के निर्देश पर करीब 15 सौ पुलिसकर्मियों में से 32 ऐसे पुलिसकर्मी चिह्नित किए गए हैं, जिसमें कुछ शराब पीने के आदी हैं, कुछ की अपराधियों के साथ साठगांठ पाई गई है। साथ ही कुछ अनुशासन तोड़ने के आरोपी हैं। चिह्नित पुलिसकर्मियों में दरोगा और सिपाही शामिल हैं।
पुलिसकर्मियों की तैयारी सूची की जांच खुद एसपी ने की है। इनमें से 20 पुलिसकर्मियों को जोन से बाहर भेजने के लिए एसपी ने आला अफसरों को पत्र लिखा है। एसपी ने साफ कर दिया कि अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अच्छा काम करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा, वहीं शासन की मंशा के विपरीत काम करने वाले और अपराधियों से साठगांठ रखने वालों पर कार्रवाई होगी।