ऑटो पर गिरा विद्युत पोल, बाल-बाल बची सवारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। रविवार दोपहर आई आंधी के बीच दखल के समीप विद्युत पोल ऑटो के ऊपर गिर गया। हादसा होते ही ऑटो में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। गनीमत रही कि ऑटो में सवार किसी के चोट नहीं लगी।
उत्तर थाना क्षेत्र के मोहल्ला महादेव नगर निवासी सुभाष चंद्र ऑटो चालक है। दोपहर को वह कोटला चुंगी चौराहा से सवारियां लेकर आसफाबाद जा रहा था। वह कोटला रोड दखल के समीप पहुंचा था। तभी तेज आंधी के कारण ऑटो के ऊपर विद्युत पोल टूटकर गिर गया। हादसा होते ही ऑटो में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। ऑटो में बैठे लोग बाहर निकल आए। गनीमत रही कि विद्युत पोल ऑटो के ऊपर गिरने के बाद भी सभी लोग सुरक्षित रहे। वहीं नारखी थाना क्षेत्र के गांव गागनी निवासी अवधेश का टीन शेड उड़कर पड़ोस में रहने वाले सुमित के ऊपर जा गिरा। इससे वह टीन शेड के नीचे दबकर घायल हो गया।