प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए साल के पहले महीने में आगरा आ सकते हैं। यहां वो पुरानी योजनाओं के शिलान्यास के साथ शहर के लिए कई नई घोषणाएं कर सकते हैं। इसके लिए प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। प्रशासन की टीम इसके लिए जोरशोर से जुट गई है। सिविल एन्क्लेव, ताज बैराज, हेलीपोर्ट, गंगाजल के शिलान्यास की उम्मीद की जा रही है।
इस संबंध में अनुसूचित जाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रामशंकर कठेरिया ने सोमवार को सर्किट हाउस में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। मंडलायुक्त अनिल कुमार, जिलाधिकारी एनजी रवि कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित पाठक और अपर जिलाधिकारी केपी सिंह इस बैठक में मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री के आने के कार्यक्रम को लेकर चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि 15 जनवरी के बाद किसी भी दिन पीएम नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम फाइनल हो सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।
सूत्रों की मानें तो वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री पद के दावेदार के रूप में नरेंद्र मोदी ने कोठी मीना बाजार मैदान पर आयोजित रैली के दौरान कई सौगातों के सपने दिखाए थे। इसमें सिविल एन्क्लेव और ताज बैराज प्रमुख थी।
माना जा रहा है कि पुरानी योजनाओं का 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले शिलान्यास किया जा सकता है। एससी आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. कठेरिया के अनुसार, पीएम के कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों को विभिन्न योजनाओं के प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा गया है।