प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत और विभिन्न योजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान आगरा में पूरी प्रदेश सरकार रहेगी। राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा के अलावा प्रदेश सरकार के छह मंत्री मौजूद रहेंगे।
विज्ञापन
इनके अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन अनिल जैन संग आगरा, फतेहपुर सीकरी, मथुरा और हाथरस के सांसद भी रहेंगे। प्रधानमंत्री दो घंटे शहर में रहेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को कोठी मीना बाजार मैदान में विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। यह करीब दो घंटे का कार्यक्रम है। वह दोपहर लगभग सवा तीन बजे खेरिया हवाई अड्डे पर अपने राजकीय विमान से उतरेंगे।
विज्ञापन
राज्यपाल और मुख्यमंत्री करेंगे स्वागत
प्रधानमंत्री का स्वागत राज्यपाल और मुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्री करेंगे। यहां से उनका काफिला पृथ्वीनाथ फाटक, सौ फुटा रोड, रामनगर पुलिया, ऋषि मार्ग होता हुआ सीधे कोठी मीना बाजार मैदान पर पहुंचेगा।
आयोजन स्थल पर मंच के पीछे ही योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण के लिए अलग से पंडाल बनाया गया है। इसमें चुनिंदा लोग ही रहेंगे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वह जनसभा को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री की रैली के लिए तैयार किया गया मंच
- फोटो : अमर उजाला
मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री मोदी के अलावा राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री सत्पाल सिंह, नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, कैबिनेट मंत्री एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, अनुसूचित जाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रामशंकर कठेरिया, मथुरा सांसद हेमामालिनी, फतेहपुर सीकरी सांसद चौधरी बाबूलाल, हाथरस सांसद राजेश दिवाकर आदि मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित करने के बाद शाम पांच बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने किया निरीक्षण
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर कोठी मीना बाजार मैदान पर चल रही तैयारियों का जायजा लेने के लिए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। इस दौरान मंच, पार्किंग, रूट आदि व्यवस्थाओं को देखा। मंडलायुक्त अनिल कुमार, एडीजी अजय आनंद, डीएम रवि कुमार एनजी, एसएसपी अमित पाठक, सीडीओ रविंद्र मांदड़, एडीए उपाध्यक्ष शुभ्रा सक्सेना आदि मौजूद रहीं।